उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों की बहार! पुलिस कांस्टेबल-दरोगा समेत 2200 पदों पर इसी महीने भर्ती

उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों की बहार! पुलिस कांस्टेबल-दरोगा समेत 2200 पदों पर इसी महीने भर्ती

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) इसी महीने समूह-ग की 2200 से अधिक रिक्तियों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इनमें पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी, दरोगा, वन आरक्षी और अग्निशमन विभाग समेत कई विभागों के पद शामिल हैं।

आयोग ने इन भर्तियों का पूरा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया के अनुसार, वर्दीधारी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जनवरी 2027 के पहले सप्ताह से शुरू कराने की योजना है।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि वर्दीधारी श्रेणी के करीब 1694 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन मंगलवार को जारी कर दिया गया है। इनमें पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गार्ड, आबकारी सिपाही, परिवहन आरक्षी, बंदीरक्षक और सचिवालय रक्षक के पद शामिल हैं।

इसके अलावा करीब 250 पदों पर दरोगा और अन्य उप निरीक्षक स्तर की भर्तियों का विज्ञापन 25 नवंबर को जारी किया जाएगा। इसमें पुलिस दरोगा, प्लाटून कमांडर पीएसी एवं आईआरबी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, उप निरीक्षक अभिसूचना, उप आबकारी निरीक्षक और वन दरोगा के पद शामिल हैं।

वहीं, मानचित्रकार और प्रारूपकार के करीब 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन 30 नवंबर को जारी होगा। इसी दिन स्नातक स्तरीय अर्हता वाले पदों के लिए भी भर्ती विज्ञापन जारी किया जाएगा। आयोग के मुताबिक, सभी श्रेणियों को मिलाकर इस महीने करीब 2200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।

वन निगम में स्केलर के 200 पदों पर 23 नवंबर से शारीरिक परीक्षा

उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती के लिए 23 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके अलावा शॉट पुट, ऊंची कूद और लंबी कूद की परीक्षा भी होगी।

आयोग ने अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। परीक्षा दो दिन तक चलेगी। पहले दिन अभ्यर्थियों को सुबह सात बजे परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। बायोमीट्रिक उपस्थिति के बाद शारीरिक माप और दौड़ की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर बार कोड की उपलब्धता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।

किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर अभ्यर्थी आयोग के हेल्पलाइन नंबर 9520991174 और 9520991172 पर संपर्क कर सकते हैं।

अन्य परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित

आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती के अंतर्गत वैयक्तिक सहायक और सहायक समीक्षा अधिकारी पदों के लिए टंकण परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित होगी। इसके एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।

वहीं, हाईकोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर के पदों पर भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर को होगी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से प्रवक्ता-कला की परीक्षा छह दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इसके एडमिट कार्ड 19 नवंबर को जारी किए जाएंगे।