तीलू रौतेली पुरस्कार 2026: 13 महिलाओं और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को करेंगे सम्मानित सीएम धामी

तीलू रौतेली पुरस्कार 2026: 13 महिलाओं और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को करेंगे सम्मानित सीएम धामी

उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार 2026 के लिए 13 महिलाओं का चयन कर लिया है। चयनित महिलाओं को आगामी 8 अगस्त को वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मानित करेंगे। यह कार्यक्रम संस्कृति विभाग के हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित सभागार में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री कार्यालय से पुरस्कार वितरण को मंजूरी मिल चुकी है।

इसी समारोह में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन महिलाओं का चयन प्रदेशभर से प्राप्त आवेदनों के आधार पर किया गया है।

महिला सशक्तीकरण, खेल, समाजसेवा, साहित्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं एवं किशोरियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार वर्ष 2006 से तीलू रौतेली पुरस्कार प्रदान कर रही है। यह पुरस्कार वीरांगना तीलू रौतेली की स्मृति में हर वर्ष उनकी जयंती पर दिया जाता है।

इस वर्ष तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए राज्य के सभी 13 जिलों से 217 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें सबसे अधिक नैनीताल से 29, उत्तरकाशी से 24, देहरादून से 23 और हरिद्वार से 22 आवेदन शामिल रहे। विस्तृत चयन प्रक्रिया के बाद 13 महिलाओं को पुरस्कार के लिए चुना गया।

वहीं, राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए प्रदेशभर से 220 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से उत्कृष्ट कार्य करने वाली 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन सम्मान के लिए किया गया है।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चंद्रेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 8 अगस्त को आयोजित समारोह में सभी चयनित महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री से इस कार्यक्रम के लिए औपचारिक अनुमोदन प्राप्त हो चुका है।