25 जून के बाद थमी केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा, अब सितंबर तक रहेगा इंतजार

25 जून के बाद थमी केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा, अब सितंबर तक रहेगा इंतजार

चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए संचालित हेली सेवा को इस वर्ष मानसून शुरू होने से पहले ही रोक दिया गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 25 जून के बाद हेलीकॉप्टर संचालन की अनुमति नहीं दी, जिसके चलते फिलहाल सभी उड़ानें बंद कर दी गई हैं। अब मौसम सामान्य होने और मानसून समाप्त होने के बाद सितंबर से हेली सेवा दोबारा शुरू किए जाने की तैयारी है।

इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलने के साथ ही हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू कर दी गई थी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने नई टेंडर प्रक्रिया के तहत आठ हेली ऑपरेटर कंपनियों को सेवा संचालन की जिम्मेदारी सौंपी थी। गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से प्रतिदिन श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम पहुंचाया गया।

करीब दो माह के संचालन के दौरान हेली कंपनियों ने 11,800 से अधिक शटल उड़ानें भरीं, जिनके माध्यम से 1.37 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने हवाई मार्ग से बाबा केदार के दर्शन किए।

यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन के अनुसार, केदारघाटी में लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए डीजीसीए ने सुरक्षा कारणों से 25 जून के बाद हेली सेवा जारी रखने की अनुमति नहीं दी। अब मानसून समाप्त होने के बाद सितंबर में परिस्थितियां अनुकूल होने पर हेलीकॉप्टर सेवा फिर से शुरू की जाएगी।