उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, 15 भर्तियों का शेड्यूल जारी

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, 15 भर्तियों का शेड्यूल जारी

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग के पदों पर होने वाली 15 भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कई नई भर्तियों के विज्ञापन अगस्त से नवंबर 2026 के बीच जारी किए जाएंगे, जबकि इनकी परीक्षाएं नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच प्रस्तावित हैं।

आयोग सचिव एनएस डुंगरियाल के अनुसार, पहले जारी किए गए विभिन्न विज्ञापनों के तहत भी कई भर्ती परीक्षाओं की तारीखें तय कर दी गई हैं। पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक की परीक्षा 20 सितंबर को होगी। सहायक बोरिंग टेक्नीशियन और कंप्यूटर प्रोग्रामर की परीक्षा 27 सितंबर को प्रस्तावित है।

इसी तरह कनिष्ठ कैमरामैन, फोटोकॉपी मशीन ऑपरेटर, प्रोजेक्शनिस्ट, शोध अधिकारी और फोटोग्राफर की परीक्षा 4 अक्तूबर, जबकि कलाकार, मानचित्रकार और विधि सहायक की परीक्षा 11 अक्तूबर को होगी। साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन और प्राविधिक सहायक की परीक्षा 18 अक्तूबर, लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक और अनुदेशक की परीक्षा 25 अक्तूबर तथा पर्यटन अधिकारी की परीक्षा 1 नवंबर को प्रस्तावित की गई है।

इसके अलावा विज्ञापन संख्या-79 के तहत सहायक लेखाकार की परीक्षा 4 अक्तूबर, विज्ञापन संख्या-77 के कृषि अर्हता वाले पदों की परीक्षा 11 अक्तूबर और विज्ञापन संख्या-78 के कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 एवं वैयक्तिक सहायक पदों की परीक्षा 25 अक्तूबर को होगी।

नई भर्तियों का पूरा शेड्यूल

  • इंटर स्तरीय कनिष्ठ सहायक भर्ती: विज्ञापन 31 अगस्त 2026, परीक्षा 15 नवंबर 2026
  • वैयक्तिक सहायक भर्ती: विज्ञापन 7 सितंबर 2026, परीक्षा 1 नवंबर 2026
  • वन निगम स्केलर भर्ती: विज्ञापन 8 सितंबर 2026, शारीरिक दक्षता परीक्षा 19 नवंबर से
  • टाइगर गार्ड, वन आरक्षी, सचिवालय रक्षक व बंदीरक्षक भर्ती: विज्ञापन 11 सितंबर 2026, शारीरिक दक्षता परीक्षा 27 दिसंबर से
  • सहायक अध्यापक संस्कृत भर्ती: विज्ञापन 14 सितंबर 2026, परीक्षा 6 दिसंबर 2026
  • आईटीआई डिप्लोमा अर्हता वाले पद: विज्ञापन 25 सितंबर 2026, परीक्षा 13 दिसंबर 2026
  • विज्ञान अर्हता वाले पद: विज्ञापन 16 अक्तूबर 2026, परीक्षा 17 जनवरी 2027
  • विशिष्ट अर्हता वाले पद: विज्ञापन 30 अक्तूबर 2026, परीक्षा 24 जनवरी 2027
  • स्नातक अर्हता वाले पद: विज्ञापन 6 नवंबर 2026, परीक्षा 7 फरवरी 2027
  • सहायक विकास अधिकारी भर्ती: विज्ञापन 16 नवंबर 2026, परीक्षा 21 फरवरी 2027